27 April 2026

नाइट स्ट्राइक में दून पुलिस का एक्शन, ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई

0

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी)  के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वीकेंड पर दून पुलिस द्वारा “नाइट स्ट्राइक” अभियान में प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात्रि व्यापक कार्रवाई की गई। क्षेत्र में मिल रही लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध, असामाजिक तत्वों व हुड़दंगियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि आमजन की सुरक्षा दून पुलिस की पहली प्राथमिकता है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में प्रेमनगर थाना क्षेत्र में होटल, रिसोर्ट, रेस्टोरेंट, पब, बार, हॉस्टल व पीजी में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान से पूर्व पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए असामाजिक व अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रेमनगर क्षेत्र में औचक निरीक्षण करते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की। देर रात तक अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उन्हें थाने लाकर सत्यापन की कार्रवाई की गई।

छापेमारी के दौरान कोटड़ा संतूर स्थित होरीजन रिसोर्ट में अवैध रूप से शराब परोसे जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने मौके से रिसोर्ट संचालक अमृतदीप (22 वर्ष) निवासी गढ़ी कैंट, देहरादून को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कोतवाली प्रेमनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत अभियोग पंजीकृत किया। वहीं मौके पर शराब पी रहे 13 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब, बीयर कैन, हुक्का सामग्री व अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया।

एसएसपी द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों, हॉस्टल व पीजी में माहौल खराब करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करें। साथ ही रात्रि में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग, अवैध शराब सेवन व अन्य अराजक गतिविधियों पर लगातार नकेल कसने हेतु स्थान बदल-बदल कर सघन चेकिंग अभियान जारी रखा जाए।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *