24 June 2026

उत्तराखंड की बेटी का विदेश में परचम, जर्मनी के अस्पताल में मिली नर्स की नियुक्ति

0

जर्मन भाषा प्रशिक्षण के बाद हैम्बर्ग के शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल में हुआ चयन, सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं

देहरादून, मुख्यमंत्री धामी ने  मुख्यमंत्री आवास में टिहरी गढ़वाल निवासी सपना राणा ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सपना राणा का चयन जर्मनी के हैम्बर्ग स्थित शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल में नर्स के पद पर हुआ है, जहां उन्हें 3060 यूरो (करीब 3.30 लाख रुपये) प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने इस उपलब्धि पर सपना राणा को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत गठित विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा युवाओं को जापान और जर्मनी जैसे देशों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भाषा एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 65 युवाओं को जापान में रोजगार दिलाया जा चुका है।
कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। इसी को देखते हुए विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का लाभ उठाकर टिहरी गढ़वाल की सपना राणा ने जर्मनी में नर्स के रूप में रोजगार हासिल किया है।
सपना राणा ने अपनी स्कूली शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय पोखाल, टिहरी गढ़वाल से तथा नर्सिंग की पढ़ाई स्टेट नर्सिंग कॉलेज, देहरादून से पूरी की है। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन भाषा प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्हें जर्मनी के हैम्बर्ग शहर स्थित शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल में नियुक्ति मिली है।
इस अवसर पर सचिव  सी. रविशंकर भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *