2 August 2026

शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा, डीएम-एसएसपी ने किया भव्य स्वागत; सुरक्षित कांवड़ यात्रा का दिया संदेश

0

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के पावन अवसर पर हरिद्वार में सेवा, श्रद्धा और समर्पण का अनुपम दृश्य देखने को मिला। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने शंकराचार्य चौक पहुंचकर हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा, फूल-मालाओं और जयघोष के बीच भव्य स्वागत किया। इस दौरान अधिकारियों ने शिवभक्तों को फल एवं जूस वितरित कर उनकी मंगलमय, सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की।

डीएम और एसएसपी ने शिवभक्तों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा कांवड़ मार्ग पर जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन की सभी टीमें पूर्ण सेवाभाव और प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रही हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने सभी शिवभक्तों से यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं लगातार सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

कार्यक्रम में मौजूद शिवभक्तों ने जिला प्रशासन और पुलिस के इस आत्मीय स्वागत एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कांवड़ मेले को लेकर पूरे जनपद में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिससे शिवभक्तों की यात्रा निर्विघ्न और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *