शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत: धामी
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा हम सभी को देशसेवा के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक केवल वीर शहीदों की स्मृतियों को संजोने का केंद्र नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति और देश सेवा की भावना जागृत करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के परिजनों के सम्मान, कल्याण और उनके हितों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शहीद परिवारों के सम्मान को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
