18 October 2026

अक्षय कुमार ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात, उत्तराखंड की फिल्म नीति पर चर्चा

0

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से उत्तराखंड की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से लागू की गई उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें। फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबारों को भी लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने और फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *