कुम्भ में आस्था के साथ सेवा का महायज्ञ, 45 दिन चलेगा नेत्र कुम्भ
देहरादून। मुख्यमंत्री धामी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर में आयोजित कार्यक्रम में नेत्र कुम्भ-2027 का शंखनाद किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन से जुड़ी संस्था ‘सक्षम’ एवं सहयोगी संगठनों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नेत्र कुम्भ मानव सेवा, परोपकार और सामाजिक सरोकारों की भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण अभियान है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार कुम्भ-2027 के अवसर पर 12 जनवरी से 25 फरवरी तक 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख चश्मों का वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिविर में जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि नेत्र कुम्भ की सफलता के लिए राज्य सरकार और कुम्भ मेला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में कुम्भ केवल आस्था और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है और नेत्र कुम्भ इसी भावना को धरातल पर उतारने का सराहनीय प्रयास है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के चलते आज भी अनेक लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते। ऐसे जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना पुनीत कार्य है। बेहतर दृष्टि मिलने से व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता में सुधार होने के साथ उसका आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता भी बढ़ती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुम्भ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुम्भ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुम्भ, प्रयागराज महाकुम्भ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इस अभियान का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच और हजारों लोगों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं। हरिद्वार में प्रस्तावित नेत्र कुम्भ-2027 इस सेवा अभियान को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि आगामी हरिद्वार कुम्भ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुम्भ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात, पैदल आवागमन और बेहतर व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से नेत्र कुम्भ में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, नेत्र कुम्भ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख ललित प्रसाद पंत, उपाध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, महासचिव डॉ. अनुज सिंघल सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
