देहरादून के मोहब्बेवाला में फिर हादसा ।कार पर पलटा ट्रक ; 4 की मौत
ट्रक के नीचे पूरी तरह दब गई कार
जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार शाम मोहब्बेवाला क्षेत्र में हुआ। ट्रक अनियंत्रित होकर आई-20 कार पर पलट गया। ट्रक के नीचे कार पूरी तरह दब गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
कार बुरी तरह पिचक जाने के कारण उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया। बचाव दल ने कटर की मदद से कार को काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। ट्रक पर यूरिया के कट्टे लदे होने के कारण उसे हटाने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया गया कि क्रेन से भी ट्रक को हटाने में परेशानी आई।
हादसे में इन चार लोगों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- मिश्रेष कपूर (38 वर्ष) – मृतक
- निशा आनंद कपूर (38 वर्ष) – मृतक, पत्नी
- किरण कपूर (63 वर्ष) – मृतक, मां
- नीरज – मृतक, चालक
वहीं, छह वर्षीय माहेर कपूर हादसे में घायल हुआ है। उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सहारनपुर से देहरादून आ रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कपूर परिवार मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला था और उनका घर देहरादून में भी है। परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था, तभी मोहब्बेवाला के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। जाम की एक कतार डाट काली मंदिर तक पहुंचने की जानकारी भी सामने आई।
पुलिस और राहत-बचाव टीमों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया। हादसे के बाद काफी देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
