2 November 2026

वायु प्रदूषण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु साइकिल रैली का आयोजन

0

देहरादून, वायु प्रदूषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर निगम देहरादून ने साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली की मुख्य थीम ईंधन नहीं, कैलोरी जलाएं रही। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों तथा इसके नियंत्रण एवं रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

नगर आयुक्त के मार्गदर्शन में शिवालिक एजुकेशन सोशल वेलफेयर एवं ह्यूमन रिसोर्स समिति के माध्यम से यह जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है, इस दौरान प्रतिभागियों को संदेश दिया गया कि बढ़ते वायु प्रदूषण को कम करने के लिए दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग करना, पैदल चलना तथा निजी वाहनों के स्थान पर सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देना प्रदूषण नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

विशेष रूप से आगामी त्योहारों के मौसम को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से अपील की गई कि बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने के लिए जहां तक संभव हो पैदल चलने को प्राथमिकता दें। इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या एवं यातायात का दबाव कम होगा, ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी और वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण को भी नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इस मौके पर संकल्प भी लिया गया कि ईंधन नहीं जलाएंगे, कैलोरी जलाएंगे। त्योहारों पर पैदल चलेंगे, ट्रैफिक घटाएंगे और स्वच्छ हवा एवं स्वस्थ भविष्य बनाएंगे, यह रैली शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरी, जिसमें विद्यार्थियों एवं युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

नगर निगम देहरादून द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण एवं वायु गुणवत्ता सुधार के प्रयासों से जोड़ने की दिशा में निरंतर पहल की जा रही है। इस मौके पर नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी और विद्यालय के शिक्षकों के साथ संस्था के सदस्य मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed