देहरादून में 19 और 20 सितंबर को सजेगा 3rd उत्तराखंड फोटो फेयर-2026
देहरादून। उत्तराखंड के फोटोग्राफर्स और वीडियोग्राफर्स के लिए राजधानी देहरादून में एक खास और बड़ा आयोजन होने जा रहा है। क्यारी चौक स्थित निरंजन ग्रीन में आगामी 19 और 20 सितंबर को 3rd उत्तराखंड फोटो फेयर-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस दो दिवसीय आयोजन में देशभर की प्रमुख कंपनियां आधुनिक कैमरा, लेंस, कंप्यूटर तकनीक और फोटोग्राफी से जुड़े अत्याधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन करेंगी।
आयोजकों के अनुसार, फोटो फेयर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी से जुड़े प्रोफेशनल्स के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विशेषज्ञ अपने अनुभव और तकनीकी ज्ञान को साझा करेंगे तथा नई पीढ़ी के फोटोग्राफर्स और वीडियोग्राफर्स का मार्गदर्शन करेंगे।
फोटो फेयर में आधुनिक कैमरा, लेंस, ड्रोन, सॉफ्टवेयर, प्रिंटिंग तकनीक और फोटोग्राफी से जुड़े अन्य उपकरणों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। इससे प्रतिभागियों को फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों को नजदीक से समझने और नई तकनीक से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों का कहना है कि उत्तराखंड के दूर-दराज क्षेत्रों में काम करने वाले फोटोग्राफर्स और वीडियोग्राफर्स को बड़े शहरों में आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों और तकनीकी कार्यक्रमों तक पहुंचने में कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में देहरादून में आयोजित होने वाला यह फोटो फेयर प्रदेश के फोटोग्राफी जगत से जुड़े लोगों को नई तकनीक, नए उत्पादों और उद्योग से सीधे जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
उत्तराखंड के फोटोग्राफर्स एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा यह फोटो फेयर फोटोग्राफी क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए तकनीकी और व्यावसायिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। यहां प्रतिभागियों को न केवल आधुनिक उपकरणों की जानकारी मिलेगी, बल्कि विशेषज्ञों से सीखने और अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर भी प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर 3rd उत्तराखंड फोटो फेयर-2026 के आकर्षक पोस्टर का विमोचन भी किया गया। आयोजन को लेकर उत्तराखंड के फोटोग्राफर्स, वीडियोग्राफर्स और फोटोग्राफी के विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
