18 May 2026

यह दशक उत्तराखंड का होगा”, विकास और संस्कृति पर मंथन में सरकार का विजन स्पष्ट

0

बोली-भाषा के संरक्षण और बच्चों में नैतिक संस्कार जरूरी : बंशीधर तिवारी
देहरादून, आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डा. आर. राजेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं, संचार, संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई गति मिली है।
डा. आर. राजेश कुमार एक निजी होटल में मासिक पत्रिका ‘उत्तरजन टुडे’ के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह एवं मंथन कार्यक्रम ‘उत्तराखंड का दशक : चुनौतियां और संभावनाएं’ विषय पर आयोजित परिचर्चा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास की किरणों को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाना है ताकि अंतिम व्यक्ति भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।
उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार और रोजगारपरक योजनाओं पर तेजी से कार्य कर रही है तथा जनता को बुनियादी समस्याओं से राहत दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
इस अवसर पर 1962 में एशियन गेम्स में बॉक्सिंग में देश को पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाले अर्जुन अवार्डी आनरेरी कैप्टन पदम बहादुर मल्ल तथा प्रख्यात आर्थोपेडिक सर्जन डा. जयंत नवानी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक जीवन मूल्यों का क्षरण चिंता का विषय है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नैतिक संस्कार देने और पंचतंत्र जैसी प्रेरणादायक कहानियां सुनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संस्कारवान बच्चे ही भविष्य में समाज के आदर्श नागरिक बनते हैं।
बंशीधर तिवारी ने प्रदेश की लोकभाषाओं और बोलियों के संरक्षण एवं संवर्द्धन पर भी जोर देते हुए कहा कि स्थानीय भाषा और संस्कृति हमारी पहचान है। उन्होंने लोगों से अपनी मातृभाषा के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार स्थानीय उत्पादों और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
टिहरी गढ़वाल के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार गांव-गांव तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. आशुतोष सयाना ने चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में जल्द ही रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज शुरू होने जा रहे हैं। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और चिकित्सा शिक्षा को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने नर्सिंग और पैरामेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
उत्तरजन टुडे की एग्जीक्यूटिव एडिटर रंजना रावत ने महिला सशक्तीकरण, बालिका शिक्षा और युवतियों को स्किल्ड बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। वहीं पत्रिका के संपादक पीसी थपलियाल ने पत्रिका की दस वर्ष की यात्रा और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन योगाम्बर पॉली और मोनिका बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 20 विभूतियों को ‘उत्तराखंड गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया, जबकि 35 अन्य लोगों को विशेष योगदान के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
इस अवसर पर पूर्व आईजी सत्यशरण कोठियाल, पूर्व सूचना आयुक्त जेपी ममगाई, ललित जोशी, पूर्व कर्नल यदुवीर रावत, पूर्व कर्नल उमेश रावत, कर्नल राकेश कुकरेती, शिक्षाविद कमला पंत, इरा कुकरेती, सुरेश डंडरियाल, उद्यमी सुशील सिंह, वैभव गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *