“विकास पुरुष” को सीएम धामी की भावभीनी श्रद्धांजलि, बोले- खण्डूरी का जाना अपूरणीय क्षति
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून के बसंत विहार स्थित आवास पहुंचकर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें विनम्र नमन किया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री धामी छत्तीसगढ़ प्रवास से देहरादून पहुंचने के तुरंत बाद सीधे स्वर्गीय श्री खंडूरी के निवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का संपूर्ण जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण के मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन और राजनीति में भी उच्च आदर्श स्थापित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत आधार प्रदान करने में स्वर्गीय खंडूरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक दूरदर्शी निर्णय लिए, जिनका लाभ आज भी प्रदेशवासियों को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने स्वर्गीय खंडूरी की पुत्री एवं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण सहित अन्य परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह क्षति केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश की अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार और समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
