देहरादून भविष्य निधि भवन में संवेदना सेल का किया गया शुरु
देहरादून
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून
में अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त अजय के. मेहरा ने बताया कि उत्तराखंड राज्य में लगभग 9,744 अंशदायी प्रतिष्ठान तथा 7,74,377 अंशदायी सदस्य हैं। और उत्तराखंड में सभी दावों का निपटान निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय कार्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यालय हितधारकों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कर रहा है और आज विशेष रूप से “SAMVEDNA/संवेदना” सेल को भी शुरू किया गया है। संवेदना सेल एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका उद्देश्य मृत्यु दावों का त्वरित, संवेदनशील एवं त्रुटिरहित निपटान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि “संवेदना” सेल एकल संपर्क बिंदु के रूप में कार्य करता है तथा EPF, EPS एवं EDLI योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त सभी मृत्यु दावों का व्यवस्थित, कुशल एवं सहानुभूतिपूर्ण ढंग से निपटान सुनिश्चित करता है, जिससे लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और लाभार्थी को इसका लाभ एक दिन में मिल सके उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संवेदनशील एवं प्रभावी व्यवस्था को पूरे जोन में लागू किया जाएगा, ताकि सभी क्षेत्रों में मृत्यु दावों का त्वरित, पारदर्शी एवं सहानुभूतिपूर्ण निपटान सुनिश्चित किया जा सके।
