26 August 2026

टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

0

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  सहारनपुर चौक पर आयोजित टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज एवं टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री धामी ने भगवान टपकेश्वर महादेव से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के साथ ही युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने शोभायात्रा के आयोजन से जुड़े संत-महात्माओं, आयोजन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान टपकेश्वर महादेव की कृपा समस्त प्रदेशवासियों पर बनी रहे। उत्तराखंड निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े, यही उनकी कामना है।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान टपकेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शोभायात्रा के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *