19 August 2026

रन फॉर कारगिल हीरोज’ में दौड़ेगा देहरादून, शौर्य दिवस पर कारगिल वीरों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

0

देहरादून,  कारगिल विजय के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से 25 जुलाई को देहरादून में ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ का आयोजन किया जाएगा। 26 जुलाई को मनाए जाने वाले शौर्य दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आमजन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को और सशक्त किया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि प्रतिभागियों का पंजीकरण 25 जुलाई को प्रातः 7 बजे शौर्य स्थल, चीड़बाग में होगा। पंजीकरण के दौरान सभी प्रतिभागियों को ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ की विशेष टी-शर्ट एवं कैप वितरित की जाएगी। प्रातः 7:45 बजे कारगिल शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी, जबकि सुबह 8 बजे मुख्य अतिथि हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना करेंगे। यह दौड़ शौर्य स्थल, चीड़बाग से राजपुर रोड होते हुए गांधी पार्क तक जाएगी, जहां प्रातः 9:30 बजे इसका समापन होगा।

इस आयोजन में ओपन पुरुष एवं महिला वर्ग, कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राएं, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, शहीद आश्रित, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, दिव्यांगजन तथा वरिष्ठ नागरिक भी अपनी-अपनी श्रेणियों में भाग लेंगे। पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सांकेतिक रन एवं वॉक का भी आयोजन किया गया है।

दौड़ की विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 26 जुलाई को आयोजित मुख्य शौर्य दिवस समारोह में सैनिक कल्याण विभाग द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस एवं यातायात विभाग को सुरक्षा, पार्किंग और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी को नोडल अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी को प्रभारी अधिकारी तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी को ओवरऑल नोडल अधिकारी बनाया गया है।

जिला प्रशासन ने पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स, विद्यालय एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, युवा संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर कारगिल के अमर वीरों को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed