7 November 2026

काशीपुर में 1.20 लाख की रिश्वत लेते प्रभारी मंडी सचिव गिरफ्तार, विजिलेंस की टीम ने 5 घंटे खंगाला घर, धामी ने कहा-नहीं बख्शे जाएंगे भ्रष्टाचारी

0

काशीपुर: मंडी समिति में भ्रष्टाचार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कुमाऊं विजिलेंस की टीम ने दो आढ़तियों की शिकायत पर प्रभारी मंडी सचिव को 1.20 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। यह रकम प्रभारी मंडी सचिव की ओर से फल मंडी में दो दुकानों के आवंटन को लेकर मांगी गई थी।

सर्वारखेड़ा निवासी सफायत और शकील आढ़ती हैं। उन्होंने अपनी पत्नियों के नाम ससे मंडी में फड आदि का लाइसेंस बनवाने के लिए लगभग आठ दिन पूर्व आवेदन किया था। आरोप है कि इसके एवज में प्रभारी मंडी सचिव पूरन सिंह सैनी पुत्र हरि सिंह मूल पद सहायक लेखाधिकारी मंडी समिति कार्यालय काशीपुर जिला ऊधम सिंह नगर निवासी मकान नम्बर आठ मधुबन नगर लक्ष्मीपुर पट्टी काशीपुर की ओर से एक दुकान का 60 हजार रुपए में लाइसेंस बनाने की मांग की जाने लगी।

इसके बाद दोनों आढ़तियों ने लगभग एक सप्ताह पूर्व डायल 1064 पर इसकी शिकायत की थी। इसके बाद विजिलेंस की टीम पांच दिन पहले शिकायत की जांच पड़ताल और ट्रैप किया। शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप टीम को तैयार कर काम पर लगाया गया। इसके बाद मंगलवार की शाम 4:30 बजे विजिलेंस टीम मंडी सचिव कार्यालय पहुंची। जहां पर दोनों शिकायतकर्ता भी मौजूद थे।

इस दौरान दोनों शिकायतकर्ताओं ने मंडी सचिव को एक साथ 1.20 लाख रुपए दिए। जहां विजिलेंस टीम ने मंडी सचिव पूरन सिंह सैनी को रंगे हाथों पकड़ लिया। खबर लिखे जाने तक विजिलेंस की कार्रवाई जारी थी। वहीं, निदेशक सतर्कता डा. वी मुरूगेसन की ओर से ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

आठ माह में होने वाले थे रिटायर्ड

काशीपुर में प्रभारी मंडी सचिव का कार्यभार संभाल रहे पूरन सिंह सैनी मंडी सचिव आशा गोस्वामी के अवकाश पर जाने के चलते प्रभारी का कार्यभार संभाल रहे थे। तकरीबन आठ माह उनके रिटायरमेंट के शेष थे। मंडी विभाग से जुड़े कर्मियों का भी कहना है कि तकरीबन 20 साल से वह काशीपुर में ही कार्यरत थे।

सुबह किया सम्मानित, शाम को हो गई गिरफ्तारी

स्थानीय लोगों की माने तो यह संयोग मात्र ही है कि जिसको सुबह सम्मानित किया गया, शाम को उसे विजीलेंस टीम ने रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार सुबह एक संगठन की ओर से प्रभारी मंडी सचिव पूरन सिंह सैनी को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया था। वहीं, शाम को हल्द्वानी से आई विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

पांच घंटे से ज्यादा चली कार्रवाई, घर से खंगाला गया

कुमाऊं विजिलेंस टीम की छापेमारी तकरीन पांच घंटे से ज्यादा चलती रही। इसके बाद टीम ने अभियुक्त के आवास की तलाशी व अन्य स्थानों पर चल-अचल संपत्ति के संबंध में पूछताछ की। पूर्व में दुकान आंवटन और लाइसेंस को लेकर भी रिकार्ड खंगाले गए हैं। माना जा रहा है कि लंबे समय से दुकान आंवटन और लाइसेंस प्रक्रिया पूरा करने के लिए घूस ली जाती रही है।

प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के विरूद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। कोई भी व्यक्ति यदि भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उत्तराखंड में ईमानदार शासन व्यवस्था हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed