24 June 2026

अवैध शराब की बड़ी खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी समेत माल जब्त

0

देहरादून,। आबकारी विभाग की जनपदीय प्रवर्तन टीम ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में शराब और बीयर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की शराब के पव्वे और बीयर की केन बरामद की गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक आबकारी आयुक्त जनपदीय प्रवर्तन प्रेरणा बिष्ट तथा आबकारी निरीक्षक जयबीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने रायपुर-रांझावाला मार्ग स्थित अभिनंदन वेडिंग प्वाइंट के समीप चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक स्कूटी संख्या यूके-07-1320 को रोकने का प्रयास किया गया।

तलाशी के दौरान स्कूटी के पायदान पर रखे काले बैग और सफेद प्लास्टिक कट्टे से 24 पव्वे एमसीडी नंबर व्हिस्की, 48 पव्वे रॉयल स्टैग, 48 पव्वे इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की तथा 72 केन बीयर (500 एमएल) बरामद की गईं। बरामद शराब की खेप को अवैध रूप से बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था।

आबकारी टीम ने मौके से बरामद शराब और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को कब्जे में लेते हुए आरोपी सोनू पुत्र किसनपाल, निवासी नरेंद्रपुर थाना नरसाना, हाल निवासी आयुद्ध विहार, गढ़वाली कॉलोनी, थाना रायपुर, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *