खंडूरी को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, धामी ने दिया कंधा
उपराष्ट्रपति, राज्यपाल समेत हजारों लोगों ने दी श्रद्धांजलि, बोले धामी— “खंडूरी जी मेरे अभिभावक और प्रेरणास्रोत थे”
देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भुवन चंद्र खंडूरी को बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान और भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ अंतिम विदाई दी गई। देहरादून स्थित वसंत विहार आवास से निकली उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान प्रदेशभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आमजन ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन तथा राज्यपाल Lt Gen Gurmit Singh सहित कई वरिष्ठ नेता एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री धामी स्वयं खंडूरी जी के आवास पहुंचे और अंतिम यात्रा में शामिल होकर उनके पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान वातावरण बेहद भावुक हो उठा।
मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी जी केवल एक वरिष्ठ नेता ही नहीं, बल्कि उनके अभिभावक, प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक थे। उन्होंने कहा कि खंडूरी जी का अनुशासन, सादगी, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण और कार्यशैली सदैव नई पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में खंडूरी जी द्वारा दिए गए संस्कार, मार्गदर्शन और आदर्श उनके लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों और समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
भुवन चंद्र खंडूरी के निधन को उत्तराखंड की राजनीति में एक युग का अंत माना जा रहा है। उनके निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है और विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा लगातार श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।
