20 August 2026

विश्व फोटोग्राफी दिवस पर फोटोग्राफर्स एसोसिएशन ने साथियों के योगदान को किया सलाम

0

देहरादून। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर उत्तराखंड फोटोग्राफर्स एसोसिएशन (डीपीए) की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फोटोग्राफर्स ने फोटोग्राफी के क्षेत्र में योगदान, संगठन की एकजुटता और सामाजिक जिम्मेदारी पर चर्चा की।

इस दौरान केक काटकर विश्व फोटोग्राफी दिवस मनाया गया। संगोष्ठी में फोटोग्राफर्स ने अपनी समस्याएं रखीं, जबकि एसोसिएशन की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि डीपीए करीब 500 सदस्यों का एक मजबूत मंच बन चुका है। संगठन पिछले सात वर्षों से जरूरतमंद फोटोग्राफर साथियों और उनके परिवारों की आर्थिक मदद करता आ रहा है। अब तक करीब 25 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता जरूरतमंद साथियों और उनके परिवारों को दी जा चुकी है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष बिंद्र सिंह रावत ने बताया कि संगठन की शुरुआत सात वर्ष पहले पांच लोगों से हुई थी और आज यह एक मजबूत संगठन का रूप ले चुका है। संगठन ने आकस्मिक निधन, दुर्घटना, गंभीर बीमारी, उपचार और अन्य विपरीत परिस्थितियों में फोटोग्राफर्स एवं उनके परिवारों की सहायता की है। कोरोना काल में भी संगठन ने अपने सदस्यों और उनके परिवारों की मदद की।

कार्यक्रम में एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे तथा सभी ने फोटोग्राफी के क्षेत्र में एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *