21 July 2026

जनसमस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री धामी से मिले अशोक वर्मा

0

देहरादून। राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा ने  मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विकास एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

भेंट के दौरान अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड कलजीखाल में आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा एवं जनकल्याण शिविर का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि शिविर में क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।

वर्मा ने कलजीखाल कार्यक्रम में प्राप्त जनसमस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट भी मुख्यमंत्री को सौंपी। रिपोर्ट में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से संबंधित प्रमुख मांगों का उल्लेख करते हुए उनके शीघ्र समाधान का अनुरोध किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा पिछड़ा वर्ग के कल्याण और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

इसके उपरांत अशोक वर्मा ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार से भी शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने कलजीखाल जनसेवा शिविर की रिपोर्ट सौंपते हुए क्षेत्रीय समस्याओं एवं विकास संबंधी सुझावों पर विस्तार से चर्चा की।

अंत में अशोक वर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार का मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *