21 July 2026

चारधाम यात्रा फिर हुई सुचारु, यात्रियों से मौसम और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील

0

देहरादून। यात्रा मार्गों की विस्तृत समीक्षा और सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन करने के बाद चारधाम यात्रा को पुनः सुचारु रूप से संचालित कर दिया गया है। गौरतलब है कि लगातार बारिश और संभावित जोखिम को देखते हुए 20 जुलाई 2026 को एहतियातन यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित किया गया था।

गढ़वाल आयुक्त श्री आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जनपदों के जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से यात्रा का संचालन किया जा रहा है। यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा भूस्खलन संभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान यदि किसी स्थान पर भारी वर्षा, भूस्खलन अथवा अन्य कारणों से मार्ग अस्थायी रूप से बाधित हो जाए तो घबराने के बजाय प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों अथवा होल्डिंग एरिया में ही रुकें। प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें तथा परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही आगे की यात्रा करें।

गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति और यात्रा मार्गों पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि चारधाम यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। इससे यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *