25 May 2026

कुमाऊँ में मीडिया सशक्तिकरण की ऐतिहासिक शुरुआत

0

6.75 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक कुमाऊँ मीडिया सेन्टर, पत्रकारों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

देहरादून /हल्द्वानी,:-पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में 6.75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक कुमाऊँ मीडिया सेन्टर का शिलान्यास कर उत्तराखण्ड की पत्रकारिता को नई दिशा देने की पहल की है। इसे कुमाऊँ क्षेत्र में मीडिया सशक्तिकरण की ऐतिहासिक शुरुआत माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूती देने वाला आधुनिक मंच होगा। मीडिया सेन्टर के निर्माण से कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों को अब कई कार्यों के लिए देहरादून पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

प्रस्तावित मीडिया सेन्टर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, डिजिटल स्टूडियो, हाई-स्पीड इंटरनेट, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए गेस्ट रूम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे पत्रकारिता के कार्यों में तेजी और पारदर्शिता आएगी, वहीं युवा पत्रकारों को भी आधुनिक तकनीक से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने पत्रकार कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पत्रकार कल्याण कोष की राशि बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दी गई है, ताकि आकस्मिक निधन या गंभीर बीमारी की स्थिति में पत्रकार परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

सरकार द्वारा अधिस्वीकृत पत्रकारों एवं उनके आश्रितों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा भी लागू की गई है। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को 10 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जा रही है।

कुमाऊँ मीडिया सेन्टर के निर्माण से हल्द्वानी को क्षेत्रीय मीडिया हब के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। यह पहल उत्तराखण्ड में आधुनिक, सशक्त और जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *